HomeBiharराजगीर मॉब लिंचिंग पीड़ितों के बीच पहुंचे सांसद पप्पू यादव, नगरनौसा में...

राजगीर मॉब लिंचिंग पीड़ितों के बीच पहुंचे सांसद पप्पू यादव, नगरनौसा में पुलिसिया कार्रवाई पर फूटा गुस्सा, जानें क्या कहा

लाइव सिटीज, नालंदा: राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रविवार को नालंदा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया। राजगीर मॉब लिंचिंग में मारे गए दलित युवकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ उन्होंने नगरनौसा में डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे लोगों पर पुलिसिया कार्रवाई की भी कड़ी निंदा की। इस दौरान उनके साथ युवा नेता राजू दानवीर और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

सबसे पहले सांसद पप्पू यादव नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित गंजपर गांव पहुंचे, जहां उन्होंने राजगीर मॉब लिंचिंग में जान गंवाने वाले दोनों दलित युवकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। गौरतलब है कि 15 जून को राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर के समीप चोरी के आरोप में भीड़ ने दो दलित युवकों की बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिनकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

पीड़ित परिवारों से मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए पप्पू यादव ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में दलित, महादलित, यादव और अन्य कमजोर वर्ग लगातार अत्याचार का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मॉब लिंचिंग की घटना में करीब 15 लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने केवल चार लोगों की गिरफ्तारी कर मामले में खानापूर्ति कर दी है। सांसद ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा, “बिहार में सरकार नहीं, बल्कि अराजकता और गुंडाराज चल रहा है।”

पप्पू यादव ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि इतिहास में गजनी सोमनाथ मंदिर की संपदा लूटकर ले गया था, लेकिन आज के दौर में अपराधी मंदिरों की संपत्ति और प्रसाद तक नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कब होगी। सांसद ने स्पष्ट कहा कि वह इस मामले को सड़क से लेकर सदन तक उठाएंगे और जरूरत पड़ी तो न्यायालय तक लड़ाई लड़ेंगे।

इसके बाद सांसद पप्पू यादव और युवा नेता राजू दानवीर नगरनौसा पहुंचे, जहां डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर चल रहे जनआंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित परिवारों के साथ पैदल मार्च किया और महिलाओं, बच्चियों तथा बुजुर्गों से घटना की जानकारी ली। पीड़ित बच्चियों ने उन्हें बताया कि पुलिस ने जबरन घरों में घुसकर मारपीट की, बदसलूकी की और सिर पर बंदूक रखकर धमकाया। इन आरोपों को सुनकर पप्पू यादव ने गहरी नाराजगी जताई और कहा कि यह लोकतंत्र नहीं बल्कि भय और दमन का माहौल है।

सांसद ने कहा कि डिग्री कॉलेज की मांग कोई अपराध नहीं, बल्कि युवाओं और छात्राओं के बेहतर भविष्य की मांग है। ऐसी लोकतांत्रिक मांग पर लाठी और बंदूक से जवाब देना प्रशासन की असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने पीड़ित बच्ची को 25 हज़ार रुपया आर्थिक सहायता भी दी और भरोसा दिलाया कि वे इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़े रहेंगे। पप्पू यादव ने कहा, “जहां अन्याय होगा, वहां हमारी आवाज उठेगी। न्याय के लिए हर मंच पर लड़ाई जारी रहेगी।”

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments