लाइव सिटीज, बेतिया:बेतिया में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है. यहां शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक का इलाज बेतिया जीएमसीएच में चल रहा है.
घटना बेतिया जिले के मछलीलोक के पास की है, जहां शनिवार देर रात करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि तीनों युवक मझौलिया में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे. शादी में शामिल होने के बाद तीनों युवक एक ही बाइक से अपने घर बानूछापर लौट रहे थे.
इसी दौरान मछलीलोक के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक दो युवकों की मौत हो चुकी थी.
