लाइव सिटीज, पटना: बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है. भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। वे बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। पटना के लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। यहां जर्मन हैंगर में कार्यक्रम हुआ। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को शपथ दिलाई। उनके साथ जदयू के नेता बीजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी ने सबसे पहले अपने परिवार और बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया। इससे पहले उन्होंने बीते कल कहा था कि यह जिम्मेदारी उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि सेवा का अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे राज्य के विकास, सुशासन और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेंगे। सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाना उनकी प्राथमिकता होगी।
लोकभवन में कार्यवाहक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान के अलावे एनडीए के सहयोगी दलों के सभी बड़े नेता मौजूद हैं।
