लाइव सिटीज, अरवल: बिहार के अरवल जिले में चोरी का विरोध करना एक ट्रक चालक को भारी पड़ गया। पटना-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 139 पर खभैनी मोड़ के पास बदमाशों ने चाकू से हमला कर 30 वर्षीय ट्रक चालक प्रदीप कुमार की हत्या कर दी। घटना गुरुवार की सुबह की बताई जा रही है। वारदात के दौरान बदमाश ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर घुसे थे और खलासी के पास से नकदी व मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। विरोध करने पहुंचे चालक पर बदमाशों ने धारदार हथियार से कई वार कर दिए।
ट्रक चालक की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई
मृतक की पहचान अरवल जिले के वलिदाद स्थित नट बिगहा निवासी स्वर्गीय बिंदर नट के पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 30 वर्ष थी और वह पेशे से ट्रक चालक थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर घुसे बदमाश
मिली जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार ने अपना ट्रक खभैनी मोड़ के पास खड़ा किया था। इसके बाद वह अपने परिजनों से मिलने घर चले गए थे। इस दौरान उनका साथी खलासी ट्रक के अंदर ही सो रहा था।बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह करीब चार बजे कुछ बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने ट्रक का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और खलासी के पास रखे करीब सात हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
इसी दौरान प्रदीप कुमार मौके पर पहुंच गए। बदमाशों को चोरी कर भागते देख उन्होंने शोर मचाया और उनका विरोध किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज बदमाशों ने उन पर धारदार चाकू से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाने के दौरान नहीं बच सकी जान
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल प्रदीप कुमार को पहले वलिदाद बाजार के पास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया।हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी और दो बच्चों के सामने अब जीवन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से आरोपितों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। स्थानीय इलाके में इस वारदात को लेकर चर्चा और चिंता का माहौल है।सदर थाना अध्यक्ष दरबारी चौधरी के अनुसार, मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
