HomeBiharबिहार में उत्पाद विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, शराब तस्करों की...

बिहार में उत्पाद विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, शराब तस्करों की गोली से सिपाही की मौत

लाइव सिटीज, नालंदा: नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र में शराब तस्करों की फायरिंग में मद्य निषेध विभाग की विशेष जांच इकाई (ईआईबी) के एक सिपाही की मौत हो गई। शराब से लदी पिकअप वैन का पीछा कर रही पटना मुख्यालय की ईआईबी टीम पर तस्करों और उनके लिए रेकी कर रहे लाइनर ने अचानक फायरिंग कर दी। इस दौरान सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें पहले पावापुरी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया है। हमलावरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप पिकअप वैन के जरिए नालंदा जिले की सीमा में दाखिल हुई है। यह वाहन खराट मोड़ के रास्ते नालंदा की ओर बढ़ रहा था।

सूचना मिलने के बाद पटना की ईआईबी टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय टीम के साथ मिलकर वाहन को पकड़ने के लिए घेराबंदी शुरू की। पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के पास जब टीम ने संदिग्ध पिकअप को रोकने और घेरने की कोशिश की, तभी तस्करों के लिए रेकी कर रहे एक लाइनर ने अचानक टीम पर गोली चला दी। गोली सिपाही अजीत कुमार को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसी का फायदा उठाकर तस्कर और लाइनर पिकअप वैन समेत मौके से फरार हो गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home