लाइव सिटीज, पटना: बिहार के स्कूलों में शनिवार को हाफ डे का नियम लागू हो गया है। अब हर शनिवार को स्कूल आधा दिन ही चलेंगे। टिफिन ब्रेक के बाद बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ऐलान के बाद शिक्षा विभाग की ओर से 6 अगस्त को अधिसूचना जारी कर दी गई। वहीं, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के तबादले पर भी अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 73151 टीचर ने ट्रांसफर के लिए आवेदन दिया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश ति: वारी ने पटना के मदन मोहन सभागार में गुरुवार दोपहर को मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीएम सम्राट ने स्कूलों में सेटरडे को हाफ डे रखने की व्यवस्था फिर से लागू करने की घोषणा कर चुके हैं। इस पर शिक्षा विभाग ने सहमति प्रदान करके तैयारी पूरी कर ली है। मंत्री के बयान के कुछ देर बाद ही विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी।
बिहार शिक्षा विभाग ने गुरुवार को राज्य के सरकारी स्कूलों का संशोधित समय जारी किया। इसके तहत सोमवार से शुक्रवार तक स्कूलों का समय सुबह 9.30 से शाम 4 बजे तक रहेगा। वहीं, शनिवार को हाफ डे होने के चलते स्कूलों का संचालन सुबह 9.30 से दोपहर 1 बजे तक ही किया जाएगा।
आदेश में कहा गया कि हर शनिवार को कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं की छुट्टी मध्याह्न भोजन के बाद दोपहर 12.40 बजे ही हो जाएगी। वहीं, 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी दोपहर 1 बजे की जाएगी।
स्कूलों में हाफ डे की व्यवस्था इसी शनिवार (8 अगस्त) से चालू हो जाएगी। राज्य के सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं की कक्षाएं शनिवार को आधा दिन ही चलेंगे, फिर छुट्टी कर दी जाएगी। बता दें कि बिहार में सालों पहले शनिवार को हाफ डे की व्यवस्था थी, जिसे बीच में बंद कर दिया गया था।
