लाइव सिटीज, पटना: दीपावली और छठ पूजा के दौरान दूसरे राज्यों से बिहार आने और बिहार से बाहर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने विशेष त्योहारी बस सेवा की शुरुआत की है. इसके तहत 1 नवंबर से ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी गई है.
निगम की ओर से बिहार से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए करीब 200 विशेष बसों का परिचालन किया जाएगा. ये बसें 5 नवंबर से 20 नवंबर तक निर्धारित मार्गों पर चलेंगी. इसकी जानकारी परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने दी.
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए निगम ने एसी सीटर, एसी स्लीपर, नॉन एसी सीटर, स्लीपर और सेमी स्लीपर बसों की व्यवस्था की है. यात्री घर बैठे निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर जाकर अपनी सुविधानुसार टिकट बुक कर सकते हैं. निगम का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और किफायती परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है.
दिल्ली रूट पर यात्रियों के लिए अलग-अलग श्रेणी की बसों का किराया निर्धारित किया गया है. पटना से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1182 रुपये, नॉन एसी स्लीपर का 1483 रुपये, एसी सीटर का 1318 रुपये और एसी स्लीपर का किराया 1935 रुपये रखा गया है.
पूर्णिया से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1486 रुपये और एसी स्लीपर का 2398 रुपये तय किया गया है. दरभंगा से दिल्ली के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1165 रुपये और एसी स्लीपर का 1908 रुपये निर्धारित है. हरियाणा जाने वाले यात्रियों के लिए पटना से अंबाला का नॉन एसी सीटर किराया 1303 रुपये और एसी स्लीपर का 2134 रुपये है.
पटना से गुरुग्राम के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 1193 रुपये और एसी स्लीपर का 1948 रुपये निर्धारित किया गया है. झारखंड के लिए पटना से गुमला का किराया 502 रुपये और एसी स्लीपर का 800 रुपये है. आरा से रांची के लिए नॉन एसी सीटर का किराया 474 रुपये और एसी स्लीपर का 655 रुपये रखा गया है. पश्चिम बंगाल के लिए पटना से कोलकाता का किराया 839 रुपये और एसी स्लीपर का 1276 रुपये है.
