HomeBiharछात्र जदयू पूर्णिया शिष्टमंडल ने नीतीश कुमार से की मुलाकात, स्टूडेंट क्रेडिट...

छात्र जदयू पूर्णिया शिष्टमंडल ने नीतीश कुमार से की मुलाकात, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड शिक्षा ऋण में राहत की उठाई मांग

लाइव सिटीज, पूर्णिया: छात्र जदयू पूर्णिया के जिला अध्यक्ष अंकित झा के नेतृत्व में छात्र जदयू के एक शिष्टमंडल ने बिहार के निवर्तमान मुख्यमंत्री सह राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से पटना स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात कर आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

मुलाकात के दौरान जिला अध्यक्ष अंकित झा ने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत उच्च शिक्षा हेतु ऋण लेने वाले छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आग्रह किया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लाखों छात्र-छात्राओं ने अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए इस योजना का लाभ लेकर ऋण प्राप्त किया था, लेकिन वर्तमान में बड़ी संख्या में छात्र बेरोजगार हैं। नौकरी नहीं मिलने के कारण वे समय पर ऋण की अदायगी करने में असमर्थ हैं, जिससे उन पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। कई मामलों में छात्रों के विरुद्ध वसूली की कार्रवाई एवं कानूनी प्रक्रिया भी शुरू हो रही है, जिससे वे मानसिक रूप से भी काफी परेशान हैं।

अंकित झा ने नीतीश कुमार से अनुरोध किया कि ऐसे छात्रों के हित में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत लिए गए शिक्षा ऋण को माफ करने अथवा राहत प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जाए। इस पर नीतीश कुमार ने विषय पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।

अंकित झा ने कहा कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना माननीय नीतीश कुमार जी की दूरदर्शी सोच और छात्र हितैषी नेतृत्व का परिणाम है। इस योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर एवं गरीब परिवारों के लाखों युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के द्वार खोले हैं। पहले अनेक प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक अभाव के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने को विवश हो जाते थे, लेकिन इस योजना के माध्यम से आज छात्र ग्रेजुएशन, स्नातकोत्तर (पीजी), बी.एड., बीसीए, बीबीए, एमबीए, एमसीए, इंजीनियरिंग, मेडिकल सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं तकनीकी पाठ्यक्रमों में शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इस योजना के अंतर्गत लिए गए शिक्षा ऋण में राहत या माफी का निर्णय लिया जाता है, तो इससे लाखों गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी तथा छात्र बिना आर्थिक चिंता के अपने भविष्य के निर्माण पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे।

अंकित झा ने कहा कि छात्र जदयू पूर्णिया छात्र-छात्राओं के हितों की रक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा और उन्हें विश्वास है कि नीतीश कुमार जी इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक निर्णय लेकर विद्यार्थियों के हित में ऐतिहासिक पहल करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments