लाइव सिटीज, पटना: मानसून के आगमन और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में हिलसा अनुमंडल प्रशासन की टीम ने बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने और किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया है.
हिलसा अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, एकंगरसराय के कार्यपालक अभियंता बाल्मीकि प्रसाद ने संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान संभावित खतरे वाले स्थानों और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया गया
निरीक्षण के दौरान सोहसराय पुल, धुरी बिगहा, डेढ़ पुल तथा अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों में चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का मूल्यांकन किया गया. अधिकारियों ने तटबंधों की मजबूती, सुरक्षा उपायों और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली.
अधिकारियों ने संबंधित अभियंताओं और कर्मियों को निर्देश दिया कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
