HomeBiharबिहार मद्य निषेध परीक्षा: पाटलिपुत्र स्टेशन पर परीक्षार्थियों का पथराव, IG समेत...

बिहार मद्य निषेध परीक्षा: पाटलिपुत्र स्टेशन पर परीक्षार्थियों का पथराव, IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल

लाइव सिटीज, पटना: बिहार पुलिस मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर फूट पड़ा. सेंटर दूर होने और ट्रेनों के विलंब से नाराज बड़ी संख्या में छात्रों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन किया. कई छात्र ट्रैक पर लेट गए और परीक्षा रद्द करने की मांग करने लगे, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया. हंगामे के कारण राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा.

हंगामा की सूचना मिलने पर रेल आईजी जितेंद्र राणा, रेल एसपी, आरपीएफ तथा जिला पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने छात्रों को समझाकर ट्रैक खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोक-झोंक की स्थिति बन गई. इस दौरान उग्र छात्रों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे रेल आईजी जितेंद्र राणा समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तनावपूर्ण माहौल के बीच रेल आईजी जितेंद्र राणा हाथ में पिस्तौल लेकर पुलिस बल का नेतृत्व करते नजर आए. लंबे समय तक स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा. हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया तथा चेतावनी स्वरूप तीन राउंड फायरिंग भी की. इसके बाद धीरे-धीरे प्रदर्शनकारियों को ट्रैक और स्टेशन परिसर से हटाया गया.

हंगामा को देखते हुए पाटलिपुत्र स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किए गए हैं. रेलवे प्रशासन प्रभावित ट्रेनों के परिचालन को सामान्य करने में जुटा है. प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. इस पूरी घटना पर यात्रियों और छात्रों ने अपनी बात रखी है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments