लाइव सिटीज, पटना: मानसून बिहार के 22 जिलों में पहुंच चुका है. वर्तमान में इसकी सीमा मुजफ्फरपुर में है, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल हैं. मौसम विज्ञान केंद्र पटना अनुमान है कि अगले 3 दिनों के भीतर मानसून आगे बढ़ते हुए पूरे बिहार में फैल जाएगा. इसके बाद राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में अच्छी और नियमित बारिश शुरू होगी, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से पूरी राहत मिलेगी.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने रविवार को राज्य के 12 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. सीमांचल, कोसी और अंग क्षेत्र के सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका शामिल हैं. 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल आशंका है.
खराब मौसम को देखते हुए विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. आंधी-तूफान या बिजली कड़कने पर तुरंत पक्के मकानों में शरण लें. खुले स्थानों पर न रहें. खेतों में काम करने वाले किसान तुरंत सुरक्षित जगहों पर चले जाएं. मौसम खराब होने पर ऊंचे पेड़ों का सहारा बिल्कुल न लें. बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर व ऊंचे टावरों से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें.
अलर्ट वाले जिलों को छोड़कर बिहार के बाकी 26 जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है. इन क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई चेतावनी नहीं है. हालांकि अगले कुछ दिनों में मानसून की की सक्रियता बढ़ने से स्थानीय स्तर पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. इन जिलों में अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के कारण दोपहर में तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है.
