लाइव सिटीज, पटना: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छात्र आंदोलन को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव छात्रों को भड़काने का काम कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि तेजस्वी यादव साढ़े तीन साल तक बिहार के उपमुख्यमंत्री रहे, उस दौरान उन्होंने छात्रों के लिए क्या किया?
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि वर्तमान सरकार लगातार छात्रों के हित में काम कर रही है और छात्रों के लिए उनका दरवाजा हमेशा खुला है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और उनकी मांगों के समाधान के लिए प्रयासरत है।
वहीं, शिक्षा मंत्री ने इस दौरान पंडित राजकुमार शुक्ल को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से लिए गए फैसले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से पंडित राजकुमार शुक्ल की जयंती को राजकीय समारोह के रूप में मनाने की मांग थी, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा कर दिया है।
उन्होंने बताया कि अगले वर्ष से पंडित राजकुमार शुक्ल की जयंती राजकीय समारोह के रूप में मनाई जाएगी। साथ ही उनकी जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल कर आने वाली पीढ़ियों को पढ़ाने की बात कही गई है। पंडित राजकुमार शुक्ल के नाम पर संग्रहालय बनाने का प्रस्ताव भी सामने आया है।मिथिलेश तिवारी ने पंडित राजकुमार शुक्ल को महान स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए कहा कि उन्होंने महात्मा गांधी को बिहार की धरती पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि उनके योगदान को याद करना और नई पीढ़ी तक उनकी विरासत पहुंचाना गौरव की बात है।
