लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार को राज्य के 25 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) के अनुसार, आज 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 20 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. दूसरी तरफ प्रदेश की राजधानी पटना समेत 13 जिले बाढ़ की चपेट में है. जिससे करीब 34 लाख की आबादी प्रभावित है.
मौसम विभाग ने आज खगड़िया, मुंगेर, जमुई, भागलपुर और बांका में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं पटना, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में येलो अलर्ट है.
विशेष रूप से पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान जिले के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है. इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. IMD का कहना है कि 10 सितंबर तक राज्य में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा.
एक तरफ बारिश की चेतावनी है तो दूसरी तरफ राज्य के 13 जिलों में करीब 34 लाख लोग बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं. पड़ोसी राज्यों में हो रही लगातार बारिश के कारण बिहार की 9 से ज्यादा प्रमुख नदियां उफान पर हैं.
पटना की बात करें तो पुनपुन नदी का जलस्तर बीते 24 घंटे में 9 सेंटीमीटर बढ़ा है. श्रीपालपुर में नदी का पानी खतरे के निशान से 2.95 मीटर ऊपर बह रहा है. इसके अलावा दरधा और महतमाईन नदियां भी उफान पर हैं. भोजपुर जिले से दुखद खबर आई है, जहां बाढ़ के पानी में डूबने से 4 लोगों की मौत हो गई.
