लाइव सिटीज, पटना: बिहार में इन दिनों कुछ जिलों में लोग उमस वाली गर्मी से परेशान हैं जबकि कुछ जिलों में हो रही झमाझम बारिश की वजह से राहत मिली हुई है. ऐसे में आज मौसम विभाग ने 25 जिलों में अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और बारिश की संभावना जताई गई है. इस दौरान बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में चेतावनी जारी की है. बाकी के जिलों में मौसम सामान्य बना रहेगा.
मौसम विभाग की तरफ से अगले 72 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया गया है. 24 अगस्त को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जबकि सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा और समस्तीपुर जिले में येलो अलर्ट जारी किया है.
