लाइव सिटीज, पटना: 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ छठ महापर्व की शुरुआत हो गई है. ऐसे में मौसम भी सामान्य बना हुआ है. सुबह-सुबह हल्की ठंड महसूस हुई. पटना समेत कई इलाके में सुबह के वक्त बादल दिखा. लेकिन इसके बाद धूप खिल गई. छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के लिए मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर है.
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज बिहार के सभी 38 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. कहीं भी बारिश या खराब मौसम की आशंका नहीं है. मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है. लेकिन शुक्रवार सुबह बिहार के अधिकांश जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने के लिए मिला. लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा और अच्छी धूप खिलेगी. शाम होते ही तापमान में गिरावट महसूस होगी.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक बिहार के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अगले 48 घंटे तक सुबह के समय कोहरे का असर बना रह सकता है. छठ महापर्व के दौरान मौसम श्रद्धालुओं का साथ देने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. बारिश या आंधी की संभावना नहीं है.
