लाइव सिटीज, हाजीपुर: गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में शुक्रवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों ने जहर खा लिया।इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 वर्षीय किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमराज गांव निवासी राहुल कुमार लगातार अपनी जमीन बेच रहा था। बीते शनिवार को उसने सात कट्ठा जमीन की रजिस्ट्री कर दी थी।इसकी जानकारी मिलने पर परिवार में विवाद शुरू हो गया। बताया जाता है कि राहुल की पत्नी सीमा देवी जमीन की रजिस्ट्री की नकल लेकर आई थी।
इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर राहुल घर छोड़कर चला गया। इसके बाद परिवार के चार सदस्यों ने जहर खा लिया। राहुल की मां, पत्नी और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी की हालत गंभीर है।घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
