लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चित पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने शादी-ब्याह में होने वाले खर्च और अपनी आगे की योजनाओं को लेकर खुलकर बात की है। अनंत सिंह ने कहा कि शादी में ज्यादा खर्च नहीं होता है। कोई थार गाड़ी दे देता है तो कोई पंडाल लगवा देता है।
उनके इस बयान की चर्चा राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हो रही है। अनंत सिंह का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब उनकी बेटी की शाही शादी को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। शादी में बड़े स्तर पर तैयारियों और मेहमानों की मौजूदगी को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं।
जेल जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि 25 नवंबर को बेटी की शादी है. इसके बाद जेल चले जायेंगे। जेल से जब रिहा होंगे तो उसके बाद बिहार घूमेंगे। इसके बाद ही यह तय करेंगे कि आखिर आगे क्या करना है. साथ ही उन्होंने यह बात फिर से कही कि उन्हें जेडीयू से निकाले जाने का कोई गम नहीं है। पार्टी के लिए काम किए, हर मुश्किल घड़ी में साथ दिए और आखिर में बाहर कर दिया गया।
अनंत सिंह ने जेल से आने के बाद अपनी आगे की योजना को लेकर भी बात की। उनके बयान के बाद अब यह जानने को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है कि जेल से बाहर आने के बाद वह किस तरह अपनी राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।अनंत सिंह अपने खास अंदाज और बेबाक बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं। फिलहाल शादी को लेकर उनके बयान ने एक बार फिर बिहार की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
इस दौरान अनंत सिंह ने जेडीयू के भविष्य और नीतीश कुमार को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, अगर नीतीश कुमार एक्टिव रहते तो यह हाल नहीं होता. आने वाले विधानसभा चुनाव में जेडीयू 10 सीट भी नहीं जीत सकेगी. पार्टी में सिर्फ नीतीश कुमार केवल एक नेता हैं. जेडीयू तो अब खत्म है.
