लाइव सिटीज, पटना: पटना में आज आरजेडी के लोकभवन मार्च को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरम है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जैसे ही गांधी मैदान पहुंचे, वहां समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ का उत्साह देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मौके पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनती नजर आई। तेजस्वी यादव के आसपास बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद हैं। कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते हुए अपने नेता के साथ आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। समर्थकों का जोश इतना ज्यादा था कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
इसी दौरान तेजस्वी यादव की बहन और आरजेडी सांसद मीसा भारती भीड़ के बीच काफी नाराज नजर आईं। उन्होंने समर्थकों को नियंत्रित करने की कोशिश की और लोगों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील करती दिखीं। उन्होंने कहा कि सांसद मीसा भारती ने कहा कि छात्रों के साथ जो अन्याय हुआ है उसे आज 20-25 दिन बीत गए हैं, मगर फिर भी सरकार नींद से नहीं जागी। सुप्रीम कोर्ट में बिहार सरकार ने माना कि AK47 का इस्तेमाल हुआ था। तब जज साहब को बिहार सरकार के वकील से यह पूछना चाहिए था कि AK47 लेकर प्रदर्शन में जाने की अनुमति किसने दी? अगर DM और SP ने अनुमति दी थी तो उन्हें तुरंत सस्पेंड करना चाहिए।
मौके पर लगातार नारेबाजी और शोर के कारण माहौल काफी गर्म हो गया।गांधी मैदान से आगे बढ़ते हुए यह हुजूम डाकबंगला चौराहे की तरफ पहुंचा, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। रिपोर्टों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
दरअसल, आरजेडी का यह लोकभवन मार्च छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ सीवान में प्रदर्शन के दौरान हुई कथित AK-47 फायरिंग के विरोध में आयोजित किया गया है। मार्च में बड़ी संख्या में आरजेडी नेता, विधायक, सांसद और कार्यकर्ता शामिल हुए।
