HomeBiharभागलपुर में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: राखी बांधने से पहले...

भागलपुर में रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: राखी बांधने से पहले नदी में डूबीं 3 बहनें, शव बरामद

लाइव सिटीज, भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में रक्षाबंधन के मौके पर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। पीरपैंती प्रखंड के ओलनी टोला स्थित मरगंग धार में स्नान करने गईं तीन किशोरियां तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के बाद तीनों किशोरियां एक साथ मरगंग घाट पर नहाने के लिए पहुंची थीं। दोपहर करीब 12 बजे स्नान करने के दौरान अचानक उनका पैर गहरे पानी में चला गया और वे तेज धार की चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण तीनों बह गईं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद 16 वर्षीय चंदा कुमारी का शव बरामद कर लिया गया। वहीं उसकी 18 वर्षीय सगी बहन मोनाली कुमारी और 8 वर्षीय अभिलाषा कुमारी की तलाश जारी है।

हादसे की खबर जैसे ही परिवार के लोगों को मिली, वहां चीख-पुकार मच गई। रक्षाबंधन के त्योहार पर जहां घर में खुशियों का माहौल था, वहीं कुछ ही देर में मातम पसर गया। परिजन अपनी बेटियों की तलाश में घाट पर डटे हुए हैं और दोनों लापता किशोरियों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, नदी में तेज बहाव और गहराई के कारण इस इलाके में स्नान करना जोखिम भरा है। हादसे के बाद प्रशासन और स्थानीय स्तर पर नदी में लापता किशोरियों की तलाश तेज कर दी गई है। घटना ने एक बार फिर बरसात के मौसम में नदी और धार में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments