लाइव सिटीज, भागलपुर: बिहार स्थित भागलपुर के पुलिस जिला नवगछिया में स्थित राघोपुर में तटबंध के फ्लड फाइटिंग में लगे मजदूरों की नाव अचानक डूब गई. नाव पर 22 मजदूर सवार थे, जिनमें से 20 मजदूरों को एसडीआरएफ की टीम ने फौरन बाहर निकाल लिया, जबकि दो मजदूर अभी भी लापता है.
घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मजदूर फ्लड फाइटिंग के काम में लगे हुए दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान अचानक नाव पलट गई. मजदूरों ने पानी में कूदकर अपनी जान बचाई. आनन-फानन में 21 मजदूर किसी तरह तैरते हुए बाहर निकले, जिन्हें एसडीआरएफ की टीम ने तेज धार से सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं, एक मजदूर अभी भी लापता है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ की टीम जुटी हुई है.
बता दें कि बीते दो दिन पहले रात करीब 2 बजे राघोपुर में तटबंध टूट गया था. इसके बाद युद्धस्तर पर मरम्मत और फ्लड फाइटिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक नाव पलटने की घटना के बाद अफरातफरी की स्थिति बन गई.
इन सबके बीच भागलपुर में आपदा प्रबंधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है. एक विज्ञप्ति में कहा गया कि जल संसाधन विभाग द्वारा इस घटना पर त्वरित सतर्कता बरतते हुए वाल्मीकिनगर स्थित गंडक बराज के सभी गेटों (36 गेट) को खोला गया है एवं गंडक बराज पर मुख्यालय स्तर से अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में एक तकनीकी दल को भेजा गया है. साथ ही गंडक नदी बेसिन में अवस्थित सभी जिलों में चेतावनी संवाद जारी कर दिया गया है.
