लाइव सिटीज, पटना: पटना को आधुनिक और विकसित शहर के रूप में तैयार करने की दिशा में बिहार सरकार ने बड़ी योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी में प्रस्तावित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और सरकारी जमीनों के पुनर्विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में करीब 4,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना वाले प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई।
लोकसेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में हुई बैठक में नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (NBCC) की ओर से पटना में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर बनाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इसके अलावा बिहार म्यूजियम के सामने की सरकारी जमीन, गर्दनीबाग, भूतनाथ के सेक्टर-6 और बोरिंग कैनाल रोड समेत कई इलाकों के पुनर्विकास की योजनाओं पर भी विचार किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन परियोजनाओं के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पटना को आधुनिक और विश्वस्तरीय शहर बनाने वाली योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाना चाहिए। पुराने और जर्जर सरकारी भवनों को मौजूदा जरूरतों के मुताबिक नए सिरे से विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
सरकार की योजना सरकारी जमीन और सार्वजनिक संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल करने की भी है। अधिकारियों को पटना में उपलब्ध सरकारी जमीन की पहचान कर मास्टर प्लान तैयार करने को कहा गया है। इसके साथ ही पाटलिपुत्र टाउनशिप की करीब 2,000 एकड़ और अन्य टाउनशिप की करीब 1,000 एकड़ जमीन के विकास के लिए भी एक्शन प्लान बनाने के निर्देश दिए गए
