लाइव सिटीज, सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में बुधवार सुबह कोसी एक्सप्रेस एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। पूर्णिया कोर्ट से सहरसा होते हुए हटिया जा रही ट्रेन के थर्ड एसी इकोनॉमी कोच M-2 में अचानक आग लग गई। करीब सुबह 5:30 बजे ट्रेन सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंची। ट्रेन के रुकते ही आग और धुआं देखकर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री घबराकर कोच से बाहर निकल आए
जानकारी के मुताबिक, सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन से पहले फाटक संख्या 19 पर तैनात गेटमैन की नजर ट्रेन के एक कोच से निकल रहे धुएं और पहिए के पास उठती आग की लपटों पर पड़ी। उसने बिना देर किए इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। समय रहते जानकारी मिलने के कारण रेलवे कर्मचारियों को ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही सतर्क कर दिया गया।
वहीं, ट्रेन रुकने के बाद स्टेशन मास्टर, आरपीएफ के जवान, चालक, सहायक चालक और गार्ड ने अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। आग पर तुरंत पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका, जिसके बाद करीब 5:35 बजे दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की टीम कुछ ही देर में मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 5:57 बजे आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।
आग बुझने के बाद रेलवे अधिकारियों ने पूरे कोच और ट्रेन की स्थिति की जांच की। चालक, सहायक चालक, स्टेशन मास्टर और गार्ड ने आवश्यक जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दी। करीब 6:13 बजे कोसी एक्सप्रेस को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।फिलहाल आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
