HomeBiharभागलपुर में खेलते समय फटी संदिग्ध बोतल, तीन बच्चे घायल; FSL टीम...

भागलपुर में खेलते समय फटी संदिग्ध बोतल, तीन बच्चे घायल; FSL टीम करेगी जांच

लाइव सिटीज, भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में शुक्रवार शाम एक संदिग्ध बोतल फटने से तीन बच्चे घायल हो गए। घटना सजौर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शिव मंदिर के पास हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, बच्चे शुक्रवार शाम शिव मंदिर के पास खेल रहे थे। इसी दौरान वहां रखी एक बोतल अचानक तेज आवाज के साथ फट गई। घटना में पास में मौजूद तीन बच्चे इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

प्लास्टिक में रखी थीं संदिग्ध बोतलें

घटना की सूचना मिलने के बाद सजौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान प्लास्टिक में रखी कुछ बोतलें बरामद की हैं। हालांकि, इन बोतलों में आखिर कौन सा पदार्थ रखा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इसी बिंदु पर जांच कर रही है।

FSL टीम करेगी जांच

बोतल में मौजूद पदार्थ और उसके फटने की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया है। टीम घटनास्थल से मिले सामान और बोतलों की जांच करेगी। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बोतल में कौन सा केमिकल या अन्य पदार्थ था और उसमें विस्फोट जैसी स्थिति कैसे बनी।

पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि संदिग्ध बोतलें वहां तक कैसे पहुंचीं और उन्हें किसने रखा था। फिलहाल बच्चों के घायल होने के बाद गांव में घटना को लेकर लोगों के बीच चिंता का माहौल है। पुलिस की जांच और FSL रिपोर्ट के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments