लाइव सिटीज, मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के पहाड़पुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को जिउतिया पर्व के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। बनकट गांव में पोखर में स्नान करने गईं चार नाबालिग बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। हादसे में चारों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
स्नान के दौरान गहरे पानी में चली गईं बच्चियां
बताया जा रहा है कि जिउतिया पर्व को लेकर गांव की महिलाएं और बच्चियां पोखर में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान चार बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। उन्हें डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चियों को पानी से बाहर निकाला।
मृत बच्चियों की पहचान प्रमोद महतो की बेटियों 13 वर्षीय सोनामति और 10 वर्षीय फूलमती, वीरेंद्र महतो की 10 वर्षीय बेटी सोनाली कुमारी तथा अच्छेलाल पासवान की 12 वर्षीय बेटी प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
ग्रामीणों की मदद से चारों बच्चियों को पोखर से निकालने के बाद तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पहाड़पुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही मृत बच्चियों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
गांव में पसरा मातम
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। एक साथ चार बच्चियों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
