HomeBiharपटना जंक्शन के चांदनी मार्केट में लगी आग, इलेक्ट्रिक दुकान का गोदाम...

पटना जंक्शन के चांदनी मार्केट में लगी आग, इलेक्ट्रिक दुकान का गोदाम धू-धूकर जला

लाइव सिटीज, पटना: पटना जंक्शन के नजदीक स्थित मशहूर चांदनी मार्केट में शुक्रवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग लगने की सूचना मिलते ही बाजार में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों के बीच हड़कंप मच गया. सूचना मिलने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी हैं. आग की चपेट में बिजली और लाइटिंग सामान की कई दुकानें आ गई हैं.

पटना का चांदनी मार्केट बिजली के सामान के लिए काफी मशहूर है. यहां अलग-अलग तरह की लाइट्स, इलेक्ट्रिकल सामान और सजावटी रोशनी से जुड़े उत्पादों की कई दुकानें हैं. मार्केट में कई सामान होलसेल रेट पर भी उपलब्ध होते हैं, जिसके कारण यहां दिनभर खरीदारों की आवाजाही बनी रहती है.

बाजार की गलियों में बड़ी संख्या में दुकानें हैं. इन गलियों में अक्सर काफी भीड़ रहती है. ऐसे में आग लगने की खबर से लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. दमकल की गाड़ियों के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया.

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. आग से कितना नुकसान हुआ है, इसकी भी तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है. दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं. आग की घटना के बाद बाजार में सुरक्षा और संकरी गलियों में दमकल की पहुंच को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments