HomeBiharचिराग के कानून-व्यवस्था वाले बयान पर विजय चौधरी की दो टूक, बोले-...

चिराग के कानून-व्यवस्था वाले बयान पर विजय चौधरी की दो टूक, बोले- गठबंधन के किसी नेता को शर्मसार होने की जरूरत नहीं

लाइव सिटीज, समस्तीपुर: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर केंद्रीय मंत्री और एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान के बयान पर सियासी प्रतिक्रिया तेज हो गई है। इसी कड़ी में बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने चिराग पासवान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ऐसी है कि गठबंधन में शामिल किसी नेता को शर्मसार होने की जरूरत महसूस हो।

समस्तीपुर में जीविका दीदियों के गठन के 20 साल पूरे होने के मौके पर जेडीयू की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद विजय चौधरी ने मीडिया से बातचीत की। इसी दौरान उनसे चिराग पासवान के हालिया बयान को लेकर सवाल किया गया।विजय चौधरी ने कहा कि चिराग पासवान खुद केंद्र सरकार में मंत्री हैं। इसके अलावा बिहार सरकार में भी उनकी पार्टी के दो मंत्री शामिल हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की जिम्मेदारी और गठबंधन की भूमिका दोनों को ध्यान में रखना चाहिए।

दरअसल, बिहार में हाल की आपराधिक घटनाओं को लेकर चिराग पासवान ने सरकार की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई थी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए सरकार से स्थिति में सुधार की जरूरत बताई थी। उनके बयान को लेकर एनडीए के भीतर भी प्रतिक्रिया सामने आई है।

विजय चौधरी से मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह के जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर भी सवाल किया गया। अनंत सिंह 1 अक्टूबर को पटना में जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह की नामांकन रैली में शामिल हुए थे। उन्होंने खुले वाहन में रोड शो भी किया था और अनुज सिंह के समर्थन में अपनी ताकत दिखाई थी।

खास बात यह है कि अनुज सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं, जबकि इसी सीट से जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। ऐसे में जेडीयू विधायक अनंत सिंह का विपक्षी उम्मीदवार के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होना पार्टी के लिए अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

विजय चौधरी ने अनंत सिंह के मामले पर कहा कि यह मामला पार्टी के संज्ञान में है और इस पर जल्द फैसला लिया जाएगा। इस तरह एक तरफ चिराग पासवान के कानून-व्यवस्था संबंधी बयान ने एनडीए के भीतर चर्चा बढ़ाई है, तो दूसरी ओर अनंत सिंह के जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन ने जेडीयू के सामने अलग राजनीतिक चुनौती खड़ी कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments