लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में रेल सुरक्षा को लेकर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ महज़ डेढ़ घंटे के भीतर एक के बाद एक तीन प्रमुख ट्रेनों पर पथराव की घटनाओं से हड़कंप मच गया। पथराव की चपेट में आने वाली ट्रेनों में देश की प्रीमियम ट्रेन पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है। इस उपद्रव में वंदे भारत एक्सप्रेस के तीन कोचों के शीशे आंशिक रूप से टूट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम को उपद्रवियों ने मुजफ्फरपुर जंक्शन और रामदयालु नगर स्टेशन के बीच ट्रेनों को निशाना बनाना शुरू किया। सबसे पहले ट्रेन संख्या 26501 पाटलिपुत्र-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर मझौलिया और खबरा के निकट जोरदार पत्थरबाजी की गई।
पत्थरों की चोट से ट्रेन के तीन कोचों की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके तुरंत बाद इसी रूट पर चल रही ट्रेन संख्या 15550 पटना-जयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस पर भी अलग-अलग स्थानों पर पथराव किया गया। डेढ़ घंटे के भीतर तीन ट्रेनों पर हुए इस हमले से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एक साथ तीन ट्रेनों पर पत्थरबाजी की सूचना मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर आरपीएफ (RPF) और हाजीपुर आरपीएफ की टीमें तुरंत हरकत में आ गईं और घटनास्थल पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस में सुरक्षा के लिहाज से लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि पत्थरबाजों की पहचान की जा सके।
