HomeBiharआरा में युवक को दिनदहाड़े मारी गोली, पुलिस ने आरोपी को धर...

आरा में युवक को दिनदहाड़े मारी गोली, पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: भोजपुर जिले के पवना थाना क्षेत्र के पवना बाजार गांव में सोमवार की सुबह एक बड़ी घटना घटित हो गई। यहां हथियार बंद शख्स ने एक युवक को गोली मार दी। इस घटना में युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सीने के बाईं ओर गोली लगने से युवक घायल हो गया। उसका इलाज आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित की पहचान 23 वर्षीय मो. साहगीर आलम पुत्र मो. शरीफ के रूप में हुई है। वो पवना बाजार गांव के अरैया टोला का निवासी है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी अंकित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुरेश सिंह ने बताया कि, घायल और आरोपित दोनों एक टोले के हैं।

शुरुआती जांच में यह बात आ रही कि युवक मो. साहगीर अपने गांव के मध्य विद्यालय के पास मैदान में बैठा हुआ था कि इतने में आरोपी ने आकर उसे गोली मार दी। इसके बाद हो-हल्ला होने पर भीड़ जुट गई। आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए आरा लाया। इस दौरान पवना पुलिस भी वहां पहुंच गई और आरोपित अंकित को धर दबोचा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments