HomeBiharपूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बगहा के 3 लोगों की दर्दनाक...

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, बगहा के 3 लोगों की दर्दनाक मौत, 6 घायल

लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. इस दर्दनाक दुर्घटना में बिहार के बगहा के रहने वाले 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौली गांव के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 162 पर हुआ. घटना की सूचना मिलते ही बगहा में मृतकों के परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बगहा से स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर लोग मां विंध्याचल धाम दर्शन-पूजन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार से टकरा गई. दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उसमें सवार लोग लहूलुहान होकर वाहनों के अंदर ही फंस गए.

हादसे में बगहा नगर थाना क्षेत्र के जीतपुर निवासी श्याम बिहारी सिंह (62 वर्ष) और अजय कुमार गुप्ता (40 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल अशोक कुमार यादव (28 वर्ष) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. खैरपोखरा निवासी शेषनाथ यादव ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है. दुर्घटना में स्विफ्ट डिजायर सवार कन्हैया गंभीर रूप से घायल हैं. वहीं दूसरी कार में सवार रीता (45 वर्ष), दीक्षा (18 वर्ष), दीपशिखा (21 वर्ष), गरिमा (25 वर्ष) और संदीप यादव (30 वर्ष) भी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है.

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और मातम का सन्नाटा पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घटना की सूचना के बाद वे तुरंत सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं. स्थानीय पुलिस और प्रशासन कागजी कार्रवाई व शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने में जुटे हुए हैं.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home