लाइव सिटीज, पटना: बिहार में दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आमदनी मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर घोषणा की कि बिहार में वर्ष 2030 तक प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया जाएगा। फिलहाल राज्य में करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन रोजाना हो रहा है। सरकार का फोकस पशुपालन को बढ़ावा देने, डेयरी सहकारी समितियों को मजबूत करने, दूध के संग्रहण और प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ाने तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर है।
पटना के बापू सभागार में राष्ट्रीय दुग्ध दिवस-2026 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम में बिहार के डेयरी सेक्टर को आगे बढ़ाने, पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूध उत्पादन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार है। बिहार सरकार पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य को दूध उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने के साथ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार का लक्ष्य है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्तमान में बिहार में करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन प्रतिदिन हो रहा है। इसे वर्ष 2030 तक बढ़ाकर एक करोड़ लीटर प्रतिदिन करने की योजना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पशुपालन, डेयरी विकास और दूध संग्रहण व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सुधा डेयरी के विस्तार को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुधा के माध्यम से बिहार के दुग्ध उत्पादकों को राज्य के बाहर भी बड़ा बाजार उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है। असम में एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाली प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की गई है। आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भी एक लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता का प्रोसेसिंग प्लांट शुरू करने की योजना है।
सुधा के जरिए बिकेगा बकरी का दूध, एक लाख लीटर का लक्ष्य
बिहार में दूध उत्पादन बढ़ाने की योजना में गाय और भैंस के साथ बकरी पालन को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री ने बकरी पालन को ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। बकरी पालन से छोटे किसानों और महिलाओं को भी रोजगार एवं आमदनी के अवसर मिल सकते हैं।
सरकार बकरी के दूध के संग्रहण, प्रसंस्करण और बिक्री की व्यवस्था विकसित करेगी। सुधा के माध्यम से बकरी के दूध की उपलब्धता बढ़ाने के लिए प्रतिदिन एक लाख लीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए बकरी पालन को संगठित व्यवस्था से जोड़ने और अलग फेडरेशन बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इससे बकरी पालकों को दूध बेचने के लिए बेहतर व्यवस्था मिल सकती है।
सुधा के नए उत्पादों में मखाना खीर और रबड़ी भी शामिल
राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर सुधा के उत्पादों का विस्तार करने की घोषणा भी की गई। बिहार के पारंपरिक उत्पादों को डेयरी कारोबार से जोड़ने की योजना है। इसके तहत मखाना खीर और प्रीमियम रबड़ी जैसे उत्पादों को बाजार में बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री का कहना है कि बिहार के स्थानीय उत्पादों को सुधा के माध्यम से बाजार उपलब्ध कराया जाएगा। दूध के साथ मखाना जैसे स्थानीय उत्पादों को जोड़ने से बिहार के उत्पादों को नई पहचान मिलने की संभावना है। इससे दूध की खपत बढ़ाने और स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहन देने में भी मदद मिल सकती है
