लाइव सिटीज, पटना: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी से इस बयान के लिए तत्काल माफी मांगने की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
कांग्रेस नेतृत्व से माफी की मांग
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले में अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को भी इस मामले में जवाब देने की मांग की।सम्राट चौधरी की प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा में आ गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की स्थिति बन गई है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा जरूरी है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से इस टिप्पणी के लिए तुरंत माफी मांगने की मांग की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के परिवार को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना अपराध जैसा है।उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध में मर्यादा भूलने का आरोप भी लगाया।
दरअसल, पटना के बापू सभागार में श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम के दौरान खरगे ने RSS की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इसी दौरान सभा में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहीं नहीं जाएंगे. इस पर खरगे ने जवाब दिया, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।खरगे की इस टिप्पणी के बाद सभागार में हंगामे जैसी स्थिति बन गई। कार्यक्रम के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने टिप्पणी करने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट की। इसका वीडियो भी सामने आया है।
