लाइव सिटीज, भागलपुर: बिहार में इन दिनों छेड़खानी की घटना काफी तादाद में सामने आ रही है. प्रदेश के जमुई, समस्तीपुर, किशनगंज, बांका, मुजफ्फरपुर, भोजपुर के बाद अब भागलपुर से भी लड़कियों के साथ बदसलूकी की वारदात सामने आई है.
ताजा घटनाक्रम के मुताबिक भागलपुर के अमडंडा थाना क्षेत्र स्थित बथानी पुल के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में कुछ ग्रामीण दो नाबालिग लड़कियों को घेरकर खड़े दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए भी कुछ लोग नजर आ रहे हैं.
वायरल हो रहे वीडियो में दो लड़कियां दिखाई दे रही हैं, जिनमें से एक स्कूल यूनिफॉर्म में है, जबकि दूसरी सामान्य कपड़ों में नजर आ रही है. वीडियो में दोनों लड़कियों को कई ग्रामीणों ने चारों तरफ से घेर रखा है. कुछ लोग छात्राओं को नसीहत देते हुए दिखाई दे रहे हैं कि वे इस इलाके में दोबारा नहीं आएं.
इसी दौरान कुछ लोग अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए भी नजर आ रहे हैं. पीछे से एक बुजुर्ग छात्रा के बाल भी खींचते नजर आ रहे हैं. वीडियो में एक लड़की अपना चेहरा दुपट्टे से ढकने की कोशिश करती दिखाई दे रही है. जबकि इस दौरान कुछ लोग उसके सिर से दुपट्टा खींचने की कोशिश करते दिख रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है. हालांकि, वायरल वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रही घटना की वास्तविकता क्या है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. लाइव सिटीज वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है. पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है.
