HomeBiharलोक भवन मार्च से पहले तेजस्वी यादव का सरकार पर हल्ला बोल,...

लोक भवन मार्च से पहले तेजस्वी यादव का सरकार पर हल्ला बोल, AK-47 फायरिंग और पेपर लीक पर उठाए सवाल

लाइव सिटीज, पटना: पटना में 19 अगस्त को प्रस्तावित लोक भवन मार्च से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार के खिलाफ जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगा है। उनका सबसे बड़ा निशाना सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई AK-47 से फायरिंग और उसके बाद हुई कार्रवाई रही।

तेजस्वी यादव ने सवाल उठाया कि आखिर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी के पास AK-47 पहुंची कैसे? निलंबित सिपाही को यह हथियार किस यूनिट या शस्त्रागार से जारी किया गया और उसे हथियार देने का आदेश किस अधिकारी ने दिया? उन्होंने कहा कि केवल गोली चलाने वाले सिपाही पर कार्रवाई करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि पूरी कमांड-चेन की जांच होनी चाहिए।

उन्होंने यह भी सवाल किया कि सामान्य छात्र प्रदर्शन और भीड़ नियंत्रण की स्थिति में AK-47 जैसे हथियार की जरूरत आखिर क्यों पड़ी। क्या पुलिस ने Crowd Management के लिए तय SOP का पालन किया था? अगर SOP का पालन नहीं किया गया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?तेजस्वी यादव ने फायरिंग के दौरान चली गोलियों का भी हिसाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि कितने राउंड जारी किए गए, कितनी गोलियां चलीं और इस्तेमाल किए गए हथियार की बैलिस्टिक एवं फॉरेंसिक जांच हुई या नहीं। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि घटना से पहले और बाद की पूरी पुलिस कार्रवाई की वीडियो या बॉडी-कैम रिकॉर्डिंग उपलब्ध है या नहीं।

तेजस्वी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि छात्रों से जुड़े इतने गंभीर मामले में सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक सिपाही को निलंबित करने से बड़ी जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता और वरिष्ठ अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे को भी जोर-शोर से उठाया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर बिहार में बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहा है और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। उनका कहना है कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना होगा।

तेजस्वी यादव ने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि शिक्षा और रोजगार के सवाल पर युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया और कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों के साथ बातचीत होनी चाहिए।इसी मुद्दे को लेकर RJD ने 19 अगस्त को लोक भवन मार्च का ऐलान किया है। कार्यक्रम में बदलाव के बाद मार्च के जेपी गोलंबर से सुबह 10 बजे शुरू होने की जानकारी सामने आई है। पार्टी के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के भी इसमें शामिल होने की बात कही गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments