HomeBiharRJD का पोस्टर वार: लालू को बताया ब्रह्मा तो तेजस्वी बने CM...

RJD का पोस्टर वार: लालू को बताया ब्रह्मा तो तेजस्वी बने CM नीतीश के सारथी, PM मोदी को बताया अहंकारी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में महागठबंधन सरकार बनने के बाद से आरजेडी लगातार बीजेपी पर हमलावर है. ऐसे में आरजेडी ने एक नया पोस्टर जारी किया है. पोस्टर में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सृष्टि निर्माता भगवान ब्रह्मा के रूप में दिखाया गया है और भगवान विष्णु महेश के साथ-साथ कई भगवानों के रूप में सारे विपक्षी पार्टियों के नेताओं को दिखाया गया है. वहीं बिहार के सीएम नीतीश कुमार को अर्जुन और उनके सारथी के रूप में डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को दिखाया गया है.

राजद कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं द्वारा एक पोस्टर लगाया गया है जिसमें लालू प्रसाद यादव को ब्रह्मा, विष्णु महेश के साथ-साथ कई भगवानों के रूप में सारे विपक्षी पार्टियों के नेता दिखाए गए हैं. इस पोस्टर में लालू प्रसाद यादव के दाहिने तरफ जहां राहुल गांधी हैं. वहीं बाएं तरफ सोनिया गांधी को दिखाया गया है. आरजेडी के इस पोस्टर में बिहार और देशवासियों को दीपावली, छठ और नए साल की शुभकामना दी गई है. साथ ही लिखा है “आ अब 2024 में सीधे हस्तिनापुर (नई दिल्ली ) पर चढ़ाई बा.”

इस पोस्टर के नीचे में एक तस्वीर बनी है. जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हाथ में तीर धनुष लिए रथ पर बैठे हुए दिखाया गया है जबकि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव रथ को चलाते नजर आ रहे हैं. उनके हाथ में लालटेन है. एक स्लोगन भी लिखा हुआ है कि वर्ष 2024 का जो मिशन है उस पर आगे बढ़ो पार्थ. साथ ही इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तस्वीर लगी है और उसके नीचे लिखा हुआ है कि किसी की नहीं सुनने वाला सिर्फ अपनी मन की बात करने वाला अहंकार का प्रतीक. वहीं गृह मंत्री अमित शाह की भी तस्वीर के नीचे लिखा है इंसान को इंसान से लड़ाने वाला अधर्म का प्रतीक.

आरजेडी के इस पोस्टर में तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, उत्तर प्रदेश के सपा नेता अखिलेश सिंह यादव, शरद पवार के साथ-साथ तमाम विपक्षी दल के नेता हैं. पोस्टर में सबको एक साथ दिखाया गया है. पोस्टर के जरिए यह कहने का प्रयास किया गया है कि लालू यादव पूरे देश में विपक्ष को एकजुट करने में लगे हैं और इस बार महागठबंधन पूरे देश में बनेगा. वह कहीं न कहीं वर्तमान नरेंद्र मोदी सरकार को कड़ी टक्कर देगा.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home