लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग से बड़ी खबर सामने आई है। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल के पदस्थापित होने के बाद ये पहला बड़ा फेरबदल सामने आया है। शिक्षा विभाग ने 10 जिलों के डीईओ और 9 डीपीओ को बदल दिया है।
जानकारी के मुताबिक पटना मुख्यालय में तैनात सरस्वती कुमारी को राजधानी पटना का नया जिला शिक्षा पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं पटना में मौजूदा डीईओ योगेश कुमार को बीएसईबी यानी बिहार विद्यालय परीक्षा समिति भेज दिया गया है। लिस्ट के मुताबिक पूर्वी चंपारण के डीईओ राजन कुमार गिरी और नवादा के दीपक कुमार को भी बिहार बोर्ड से अटैच कर दिया गया है।
तबादले की ये प्रक्रिया उस समय अपनाई गई है, जब शिक्षा विभाग में वेतन भुगतान को लेकर गड़बड़ी का मामला चल रहा है। ध्यान रहे कि हाल में सीएजी की रिपोर्ट के बाद ये बात प्रकाश में आई थी कि शिक्षा विभाग में कर्मचारी और कई शिक्षक अवैध तरीके से वेतन उठा रहे हैं। उसके बाद सरकार ने इसकी जांच शुरू कराई थी।
इसके अलावा बिहार शिक्षा विभाग की ओर से 9 जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों का तबादला किया गया है। डीपीओ विनय कुमार सुमन को खगड़िया भेजा गया है। इसके अलावा गया के डीपीओ आनंद कुमार को मुंगेर तबादला किया गया है। नालंदा के डीपीओ विकास कुमार डीएन को औरंगाबाद भेजा गया है।
सिवान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी तारिक सज्जाद को मधेपुरा भेजा गया है। इसी तरह बक्सर के डीपीओ रजनीश कुमार साहू को भागलपुर की जिम्मेदारी दी गई है। नालंदा के डीपीओ भोला कुमार कर्ण को गोपालगंज भेजा गया है। सिवान के कुमार अभिजीत को पूर्वी चंपारण भेजा गया है। एससीईआरटी के सहायक निदेशक राजीव कुमार और रवि कुमार को डीपीओ बक्सर बनाया गया है।
