HomeBiharनरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर CM नीतीश ने दी बधाई, बोले- स्वस्थ...

नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर CM नीतीश ने दी बधाई, बोले- स्वस्थ और दीर्घायु हों पीएम

लाइव सिटीज, पटना: एनडीए से अलग होने के बाद भाजपा और केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर रहे बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्‍मदिन पर उन्‍हें शुभकामना दी है. अपने ट्विटर हैंडल से उन्‍होंने लिखा है, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्‍मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. उनके स्‍वस्‍थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना है.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर लिखा, ‘माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं और उनके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं’. गठबंधन तोड़ने के बाद यह पहला मौका है नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शुभकामनाएं दी हैं.

बता दें कि नीतीश कुमार की पार्टी NDA से अलग हो चुकी है. पिछले 9 अगस्त 2022 को NDA से अलग होकर नीतीश कुमार ने बीजेपी पर अपनी पार्टी को तोड़ने का बड़ा आरोप लगाया था और एनडीए से गठबंधन तोड़ते हुए सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था. अगले ही दिन आरजेडी, कांग्रेस और लेफ्ट के समर्थन से नीतीश कुमार ने एक बार फिर से 8वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.

कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके अतुलनीय परिश्रम, कर्तव्यनिष्ठा और सृजनशीलता के साथ किया जा रहा राष्ट्र निर्माण का कार्य आगे बढ़ता रहे.
  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मोदी ने अपने नेतृत्व से देश में प्रगति और सुशासन को अभूतपूर्व मजबूती दी है तथा वह भारत के मान और सम्मान को नई बुलंदी पर लेकर गए हैं. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में राजनीति को नया आयाम दिया है और विकास के साथ गरीब कल्याण को भी पूरा महत्व दिया है. युवावस्था से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रहे मोदी को भारतीय जनता पार्टी के संगठन में शामिल किया गया और बाद में वह 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने.
  • गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री को भारतीय संस्कृति का संवाहक बताया, जिन्होंने देश को अपनी मूल जड़ों से जोड़ हर क्षेत्र में आगे ले जाने का काम किया है. शाह ने कहा, मोदी जी की दूरदर्शिता एवं नेतृत्व में नया भारत एक विश्वशक्ति बनकर उभरा है. मोदी जी ने वैश्विक नेता के रूप में अपनी पहचान बनायी है, जिसका पूरी दुनिया सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन सेवा और समर्पण का प्रतीक है. गृह मंत्री ने उन्हें सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भारत का निर्माता बताया.
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home