लाइव सिटीज, जमुई: टाउन थाना क्षेत्र के अमरथ गांव स्थित बेलदरिया मुसहरी में अंधविश्वास के चलते एक महिला की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। डायन होने का आरोप लगाकर रूपा मांझी (45) की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
हत्या के बाद शव को अमरथ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के पीछे झाड़ी में फेंक दिया गया। शुक्रवार की दोपहर घास काटने गई एक महिला की नजर झाड़ी में पड़े अर्धनग्न शव पर पड़ी। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य एकत्रित किए। देर शाम महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के ही बिहारी मांझी के पुत्र संदीप मांझी की मौत हो गई थी। इसके बाद रूपा मांझी पर भूत-प्रेत करने का शक जताया जा रहा था। आशंका है कि इसी अंधविश्वास और रंजिश में उसकी हत्या कर दी गई।
