HomeBiharबिहार के इन 19 जिलों में आज बिगड़ा रहेगा मौसम, तेज हवा...

बिहार के इन 19 जिलों में आज बिगड़ा रहेगा मौसम, तेज हवा के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना

लाइव सिटीज, पटना: मौसम विभाग की तरफ से आज बिहार के 19 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. इनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, नवादा और गयाजी में येलो अलर्ट जबकि बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग की माने तो, इन जिलों में हल्की से लेकर मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा और कई जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. इसके अलावा बाकी के जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है. इन जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है.

पिछले 24 घंटे की बात करें तो, पटना के कुछ हिस्सों के अलावा जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई. कई जिलों में पूरे दिन बादल छाए रहे. लेकिन इस दौरान उमस वाली गर्मी से लोगों को कुछ खास राहत नहीं मिल सकी. संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकतीं हैं.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान की माने तो, बारिश का दायरा धीरे-धीरे उत्तर और पूर्वी बिहार की तरफ बढ़ सकता है. इससे अगले तीन से चार दिनों तक राज्य के अधिकतर जिलों में बारिश हो सकती है. उत्तर, मध्य और दक्षिण बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है. पटना की बात करें तो, यहां भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments