लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुआई में बिहार सरकार शिक्षा व्यवस्था में कई बड़े बदलाव कर रही है। इस बीच एक अहम फैसला लिया गया है कि किसी भी बच्चे की मार्कशीट पर अब फेल शब्द नहीं लिखा जाएगा। ‘फेल’ की जगह प्रमाण पत्र पर ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द का प्रयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री 5 सितंबर को शिक्षक दिवस समारोह में शिक्षक सहयोग पोर्टल लॉन्च करेंगे।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि मैट्रिक और इंटर के बच्चों की मार्कशीट पर अब ‘फेल’ शब्द नहीं लिखा जाएगा। इसके लिए नियम में बदलाव किया जाएगा। शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को आवश्यक निर्देश जारी करेगा। ‘फेल’ की जगह प्रमाण पत्र पर ‘कौशल के लिए पात्र’ शब्द का प्रयोग किया जाएगा।
गुरुवार की रात विकास भवन स्थित मदन मोहन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के मनोबल को बनाए रखना जरूरी है। किसी परीक्षा में अपेक्षित अंक नहीं आने से बच्चे की प्रतिभा खत्म नहीं हो जाती। इसलिए प्रमाण पत्र पर ‘फेल’ जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए एक महीने तक विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देना और उनकी सफलता सुनिश्चित करना है।
