लाइव सिटीज, बगहा: पश्चिम चंपारण के बगहा से स्वास्थ्य व्यवस्था और ग्रामीण इलाकों में बदहाल सड़क व आवागमन की गंभीर स्थिति सामने आई है। गोबरहिया थाना क्षेत्र के सिंगाड़हवा गांव की 27 वर्षीय गर्भवती महिला की प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, महिला को इलाज के लिए ट्रैक्टर से हरनाटांड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था।
अस्पताल पहुंचने के रास्ते में हरहा नदी के पास ट्रैक्टर फंस गया। नदी पार करने के दौरान वाहन आगे नहीं बढ़ सका, जिससे महिला को अस्पताल पहुंचाने में काफी देरी हो गई। इस दौरान महिला की हालत बिगड़ती चली गई। परिजन उसे समय पर चिकित्सकीय सहायता दिलाने की कोशिश करते रहे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि गांव से स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए आज भी कई जगहों पर बेहतर सड़क और सुगम परिवहन की सुविधा नहीं है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाना बड़ी चुनौती बन जाता है।
