लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक भाई वीरेंद्र ने अपने राजनीतिक सफर से जुड़ा एक पुराना किस्सा साझा करते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर उस दौर में उन्होंने पार्टी का साथ छोड़कर दूसरा राजनीतिक रास्ता चुना होता, तो आज उनकी स्थिति अलग होती और वह डिप्टी सीएम के पद पर होते।
आरजेडी विधायक ने कहा कि राजनीति में कई ऐसे मौके आए, जब उन्हें अलग फैसला लेने पर बड़ा राजनीतिक लाभ मिल सकता था। उनके मुताबिक, अगर वह उस समय पार्टी से अलग हो जाते, तो शायद आज डिप्टी सीएम की कुर्सी पर होते।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके लिए पद से ज्यादा महत्वपूर्ण लालू प्रसाद यादव के साथ राजनीतिक संबंध और पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता रही। इसी वजह से उन्होंने कई राजनीतिक अवसरों को नजरअंदाज किया।
झारखंड में पेपर लीक के खिलाफ छात्रों और युवाओं के आंदोलन पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में छात्र और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि जब किसी देश का नौजवान जाग जाता है तो कोई भी सरकार हो, उसे झुकना पड़ता है। युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेना जरूरी है।
