HomeBiharबिहार के हालात पर तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी,...

बिहार के हालात पर तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, सात बिंदुओं में बताई बाढ़, राहत और जनता की परेशानियों की पूरी तस्वीर

लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता विरोधी दल तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बिहार के संदर्भ में सात मांगें रखी हैं। यह पत्र बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर लिखा गया है। तेजस्वी ने पत्र में बिहार के 20 जिलों के बाढ़ की चपेट में होने का दावा करते हुए केंद्र सरकार से तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

तेजस्वी यादव ने पत्र में लिखा कि बिहार इस समय भीषण बाढ़ की त्रासदी से गुजर रहा है। उनके अनुसार, राज्य के 20 जिले बाढ़ जनित आपदा की चपेट में हैं और लाखों लोग संकट में हैं। नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण सार्वजनिक ढांचे को भारी नुकसान हुआ है तथा हजारों करोड़ रुपये की जान-माल की क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि बड़ी आबादी भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवा, बिजली, पशुचारा और सुरक्षित आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही बाढ़ राहत एवं बचाव व्यवस्था बेहद अपर्याप्त है। उन्होंने बिहार सरकार और बिहार से निर्वाचित एनडीए के केंद्रीय मंत्रियों व सांसदों पर भी निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि वे केंद्र सरकार से बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित कराने और विशेष राहत-सहायता राशि दिलाने की मांग मजबूती से नहीं उठा पा रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री से बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और तत्काल पांच हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता के साथ विशेष बाढ़ राहत पैकेज देने की मांग की। इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में नाव और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने, सेना एवं वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद सुनिश्चित करने तथा भोजन, पेयजल, दवा, पशुचारा और अस्थायी आश्रय की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की।

उन्होंने किसानों, मजदूरों, पशुपालकों और प्रभावित परिवारों के लिए विशेष आर्थिक सहायता तथा राज्य की वित्तीय और आपदा प्रबंधन तैयारियों एवं आकस्मिक निधि के उपयोग की स्वतंत्र समीक्षा/सीएजी परीक्षण कराने की भी मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home