HomeBiharCM Samrat ने उठाया झाड़ू, हाथों से उठाया कचरा; VIDEO में दिखा...

CM Samrat ने उठाया झाड़ू, हाथों से उठाया कचरा; VIDEO में दिखा मुख्यमंत्री का अलग अंदाज

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार सुबह अपने लोक सेवक आवास परिसर में झाड़ू लगाते नजर आए। मुख्यमंत्री ने खुद सफाई करते हुए जमीन पर जमा कचरे को हटाया और बाद में उसे अपने हाथों से उठाकर एक जगह इकट्ठा किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने सफाई अभियान से जुड़ा वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। वीडियो में वह सामान्य पोशाक और हवाई चप्पल में हाथ में झाड़ू लेकर लोक सेवक आवास के परिसर में सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। जहां झाड़ू से कचरा पूरी तरह नहीं हट पाया, वहां उन्होंने खुद हाथ से कचरा उठाकर साफ किया। करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में मुख्यमंत्री को सफाई करते हुए देखा जा सकता है।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो के साथ संदेश देते हुए कहा कि उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता अभियान में भाग लिया है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की अपील की।

दरअसल, बिहार में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ को सार्वजनिक सुविधाओं और सरकारी परिसंपत्तियों को बेहतर, साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने 18 सितंबर को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में इस अभियान की शुरुआत की थी। इस दौरान ‘कायाकल्प’ पोर्टल भी लॉन्च किया गया था।

30 नवंबर तक छोटे विकास कार्य पूरे करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने अभियान की शुरुआत के दौरान अधिकारियों को पंचायत स्तर पर छोटे-छोटे विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया था। इसमें स्कूलों की रंगाई-पुताई, सामुदायिक भवनों का निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े कार्य और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार जैसे काम शामिल हैं। अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य पहले से मौजूद परिसंपत्तियों का रखरखाव, मरम्मत और उन्नयन करना भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि जहां लोगों को परेशानी हो रही है या आधारभूत सुविधाओं में सुधार की जरूरत है, वहां स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्य कराए जाएं। इसके लिए पंचायतों और नगर निकायों के जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया है।

17 सितंबर से शुरू हुआ है ‘सेवा संकल्प अभियान’

बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। सरकार के अनुसार अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, जनजागरूकता और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अभियान के तहत अलग-अलग कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर स्वच्छता, विकास और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात भी कही गई थी। इसके साथ ही दुर्गापूजा को देखते हुए साफ-सफाई, वृक्षारोपण और रक्तदान जैसे कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पहले भी सार्वजनिक जगह पर सफाई करते दिखे थे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इससे पहले भी सार्वजनिक रूप से सफाई करते नजर आ चुके हैं। जुलाई 2026 में पटना के बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर की भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान उन्होंने रथ की रस्सी खींचने के साथ सड़क पर झाड़ू लगाई थी।

इस बार लोक सेवक आवास में झाड़ू लगाने के जरिए मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखते हुए आम लोगों की भागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया। ‘सेवा मेरा योगदान’ की गतिविधियों का उद्देश्य भी स्वच्छता और जनभागीदारी के जरिए स्थानीय स्तर पर साफ-सफाई तथा सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments