लाइव सिटीज, पटना: पटना स्नातक सीट से जेडीयू ने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को एक बार फिर अपना उम्मीदवार बनाया है.लेकिन पार्टी के भीतर से ही उन्हें खुली चुनौती मिल रही है. मोकामा विधायक अनंत सिंह पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे. अनंत सिंह अब खुलकर जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के समर्थन में उतर चुके हैं. 1 अक्टूबर को अनुज सिंह के नामांकन के दौरान भी अनंत सिंह मौजूद रहे.उनके समर्थकों की भीड़ और नारेबाजी ने इस पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया। इस दौरान समर्थकों ने जमकर – ललन बाबू जिंदाबाद के नारे लगाए हैं.
अनंत सिंह ने इस दौरान अनुज सिंह की जीत को लेकर बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि उन्हें अनुज की जीत की 500 प्रतिशत उम्मीद है. पटना स्नातक सीट पर अनुज सिंह का मुकाबला जदयू के प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार से है.
अनुज सिंह के नामांकन के दौरान अनंत सिंह का अलग अंदाज देखने को मिला. दोनों नेता खुली जीप में साथ नजर आए. उनके साथ समर्थकों की भीड़ भी दिखाई दी. अनंत सिंह पहले ही अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं. अब नामांकन के दिन उनके साथ खुलकर सामने आने से पटना स्नातक सीट का मुकाबला और चर्चा में आ गया है.
अनंत सिंह ने अनुज सिंह की जीत को लेकर कहा कि उन्हें 500 परसेंट उम्मीद है. उन्होंने कहा कि उनका मालिक जनता है और वही उनका भगवान है. अनंत सिंह ने कहा कि जनता वोट देगी और उन्हें भरोसा है कि अनुज सिंह जीतेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कोई नहीं हरा पाएगा.उन्होंने चुनाव को लेकर कहा कि यह कोई दुकान की चीज नहीं है कि जिसे चाहेंगे, उसे ले आएंगे. जनता ही मालिक है. इसलिए उन्हें जीत का पूरा भरोसा है
जब अनंत सिंह से जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि चुनाव में बहुत उम्मीदवार हैं और वे सभी हारेंगे. अनंत सिंह ने कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि इस चुनाव में पार्टी का कोई चुनाव चिह्न नहीं होता है.नीरज कुमार को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने उनके खिलाफ चार चुनावों में काम किया है. इसी वजह से दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक खींचतान चर्चा में रही है.
