HomeBiharगोपालगंज के ADM राजेश्वरी पांडेय के 4 ठिकानों पर SVU की छापेमारी,...

गोपालगंज के ADM राजेश्वरी पांडेय के 4 ठिकानों पर SVU की छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (ADM) राजेश्वरी पांडेय के चार ठिकानों पर शुक्रवार को एक साथ छापेमारी की गई. आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के दौरान करीब 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध संपत्ति का खुलासा होने की जानकारी सामने आई है. एसवीयू के अनुसार, यह संपत्ति उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से 135.23 प्रतिशत अधिक बताई गई है.

तलाशी के दौरान 12 अचल संपत्तियों, 35 बैंक खातों में जमा करीब 1.49 करोड़ रुपये, 32 लाख रुपये के जेवर, 8.50 लाख रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट और 1.85 लाख रुपये नकद से संबंधित जानकारी मिली है. इसके अलावा, विभिन्न कंपनियों के शेयरों और म्यूचुअल फंड में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं. जांच एजेंसी को संपत्तियों की खरीद, महंगी वस्तुओं और वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई कागजात हाथ लगे हैं.

एसवीयू की यह कार्रवाई पटना, गोपालगंज और रोहतास जिले में की गई. अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी में मिले दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. बरामद सामग्री और संपत्तियों के वास्तविक मूल्य का आकलन जांच के आगे बढ़ने के साथ किया जाएगा.

विशेष निगरानी इकाई ने राजेश्वरी पांडेय के चार ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया. इनमें पटना स्थित उनका आवास, गोपालगंज समाहरणालय स्थित कार्यालय, गोपालगंज में सरकारी आवास और रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के ठोरसन गांव स्थित पैतृक तथा उनके स्तर से निर्मित मकान शामिल हैं.

पटना में रूपसपुर थाना क्षेत्र के आरपीएस स्कूल के पास भवानी सिटी अपार्टमेंट स्थित फ्लैट नंबर 206 में तलाशी ली गई. इस दौरान नकदी, जेवर और महंगी वस्तुओं की खरीद से संबंधित बिल-वाउचर बरामद होने की जानकारी दी गई है. गोपालगंज स्थित कार्यालय और सरकारी आवास के साथ रोहतास के ठोरसन गांव में भी दस्तावेजों की जांच की गई. अन्य ठिकानों से मिले कागजात की भी पड़ताल जारी है.

32 लाख के जेवर और 1.85 लाख रुपये नकद मिले

एसवीयू के अनुसार, पटना स्थित आवास की तलाशी के दौरान करीब 1.85 लाख रुपये नकद और लगभग 32 लाख रुपये मूल्य के जेवर मिले हैं. इसके साथ ही कई महंगी वस्तुओं की खरीद से संबंधित बिल और वाउचर भी बरामद किए गए हैं.

तलाशी के दौरान 8.50 लाख रुपये के फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े दस्तावेज मिलने की भी जानकारी दी गई है. जांच एजेंसी इन दस्तावेजों के आधार पर निवेश के स्रोत और संपत्ति अर्जित करने में खर्च की गई राशि का सत्यापन कर रही है.

35 बैंक खातों में 1.49 करोड़ रुपये जमा

जांच के दौरान चार अलग-अलग बैंकों में कुल 35 बैंक खातों का पता चला है. एसवीयू की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, इन खातों में कुल 1,49,17,400 रुपये जमा हैं. एजेंसी इन खातों के लेनदेन, जमा राशि के स्रोत और संबंधित वित्तीय दस्तावेजों की जांच कर रही है.

एसवीयू के विवरण में बैंक खातों की जमा राशि, अचल संपत्तियों और अन्य निवेशों से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये की संपत्ति का उल्लेख किया गया है. एजेंसी ने आवास से मिले दस्तावेजों के आधार पर 3,12,47,400 रुपये की संपत्ति संबंधी जानकारी सामने आने की बात भी कही है. इस राशि और शुरुआती तौर पर बतायी गई 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की कथित आय से अधिक संपत्ति के आकलन का अंतिम मिलान जांच के दौरान किया जाना बाकी है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments