लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजधानी पटना में SIR की प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को AISA और RYA के नेतृत्व में छात्र लोकभवन मार्च के लिए सड़कों पर उतरे। छात्रों ने गांधी मैदान के गेट नंबर 10 से मार्च शुरू किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
छात्रों के मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की थी। लेकिन प्रदर्शनकारी छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और डाकबंगला की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए होटल मौर्या के पास भी बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रदर्शन में शामिल छात्र अपने साथ कई तरह के पोस्टर लेकर पहुंचे हैं। इन पोस्टरों पर लिखे नारों के जरिए छात्र SIR की प्रक्रिया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ अपना विरोध जता रहे हैं। एक पोस्टर पर लिखा है, ‘टियर गैस की व्यवस्था नहीं है?’ वहीं, दूसरे पोस्टर पर भोजपुरी में नारा लिखा है, ‘तोहर कुर्सी उड़ा देब प्रोटेस्ट से।’ इसके अलावा एक पोस्टर पर लिखा है, ‘समोसा जाएगा तेल में, ज्ञानू को भेजो जेल में।’
