लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है. मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को 12 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में बारिश के साथ 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. वहीं, बाकी जिलों में मौसम सामान्य रह सकता है. कई जगहों पर दिन में धूप भी निकल सकती है.
मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी में येलो अलर्ट जारी किया है.स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. तेज हवा के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बीते 24 घंटे में पश्चिम चंपारण में सबसे ज्यादा 78.2 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 2014 फीसदी अधिक है. शिवहर में 67 मिमी और सीतामढ़ी में 60.3 मिमी बारिश दर्ज की गई.पूर्वी चंपारण में 31.9 मिमी, गोपालगंज में 39.4 मिमी और सीवान में 51 मिमी बारिश हुई. मधुबनी में 35.4 मिमी बारिश दर्ज की गई.पटना में भी 22.9 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 231 फीसदी अधिक है. बक्सर में 23.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 1116 फीसदी अधिक है.
बारिश के बीच गंगा नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी शुरू हो गई है. बेगूसराय में पिछले 24 घंटे में जलस्तर 2 सेंटीमीटर बढ़ा है. इसके और बढ़ने की संभावना जताई गई है.नेपाल के तराई क्षेत्र में जारी बारिश का असर गंडक और कोसी नदियों पर भी दिख रहा है. दोनों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी से निचले इलाकों में चिंता बढ़ी है. करीब 17 जिलों के कई गांव प्रभावित हुए हैं. कई जगहों पर घरों में पानी घुसने की भी सूचना है.
