लाइव सिटीज, सेंटर डेस्क: जयनगर से नई दिल्ली जा रही 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी-2 कोच में शनिवार को सांप दिखाई देने के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। सांप को देखने के बाद यात्री डर गए। खासकर बच्चों और परिवार के साथ सफर कर रहे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि ट्रेन के जयनगर से खुलने के बाद एक यात्री ने एसी-2 कोच के ऊपरी हिस्से में सांप जैसा जीव देखा। इसके बाद यात्री ने उसका वीडियो बना लिया और रेलवे सुरक्षा बल के साथ रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत की।
ट्रेन में सफर कर रहे यात्री अरुण ठाकुर ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि परिवार और बच्चों के साथ सफर के दौरान कोच में सांप दिखाई देने से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। यात्री के मुताबिक, उन्होंने ट्रेन के टीटी को भी इसकी जानकारी दी।
ट्रेन के मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंचने के बाद रेलवे के कैरेज एंड वैगन विभाग की टीम ने संबंधित एसी कोच की सघन तलाशी ली। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोच के भीतर सांप का कोई पता नहीं चल सका। लेकिन इसके बाद भी यात्रियों का डर और हंगामा जारी रहा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने मुजफ्फरपुर स्टेशन पर A-2 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया और उसकी जगह दूसरा कोच जोड़ा गया। कोच बदलने के बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
एसी कोच के भीतर सांप मिलने की घटना ने ट्रेन में साफ-सफाई और यात्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि अगर चलती ट्रेन के अंदर किसी खतरनाक जीव की मौजूदगी की शिकायत मिलती है तो रेलवे को तत्काल विशेषज्ञों की मदद से उसकी तलाश कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। फिलहाल मुजफ्फरपुर में कोच बदले जाने के बाद स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
