लाइव सिटीज, भागलपुर: रविवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा अकबरनगर थाना क्षेत्र के भवनाथपुर फोरलेन के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार महिंद्रा थार और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। सफेद रंग की महिंद्रा थार अकबरनगर की तरफ से भागलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भवनाथपुर फोरलेन के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए।
मौके पर दो लोगों की मौत
हादसे में थार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव में मदद की।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और अकबरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन से लोगों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात भी सामान्य कराया।
हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।इस हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना में थार के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से टक्कर की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
