HomeBiharजमुई कांड के बाद फिर चर्चा में सम्राट चौधरी का ‘रात 12...

जमुई कांड के बाद फिर चर्चा में सम्राट चौधरी का ‘रात 12 बजे’ वाला बयान, रोहिणी आचार्य ने पूछा- अब अपने वादे पर कब कायम होंगे

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के जमुई में 19 सितंबर को नाबालिग छात्रा और उसके साथ मौजूद एक नाबालिग लड़के के साथ सड़क पर हुई कथित बदसलूकी का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। इसी बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कुछ महीने पुराना एक बयान सोशल मीडिया पर फिर चर्चा में आ गया है। विपक्षी नेताओं ने इस पुराने बयान को जमुई की घटना से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री से सवाल पूछे हैं।

न्यूज चैनल के कार्यक्रम में क्या बोले थे सम्राट चौधरी?

जिस बयान को लेकर अब राजनीतिक बहस छिड़ी है, वह सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री बनने से पहले एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में दिया था। उस समय वह बिहार के डिप्टी सीएम थे। रिपोर्टों के मुताबिक कार्यक्रम में बिहार में रात के समय महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा के दौरान सम्राट चौधरी ने कहा था कि अगर रात के 12 बजे खाना खाने के बाद कोई व्यक्ति अपने गांव में घूमने निकले और किसी ने उसे छू दिया, तो वह अगले दिन इस्तीफा दे देंगे।
सम्राट चौधरी के इस पुराने बयान का वीडियो अब जमुई की घटना के बाद सोशल मीडिया पर दोबारा शेयर किया जा रहा है। विपक्ष इसी बयान को आधार बनाकर सरकार से महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर जवाब मांग रहा है।

रोहिणी आचार्य ने मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने भी सम्राट चौधरी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री ने खुद कहा था कि अगर रात के 12 बजे गांव में घूमते समय किसी महिला या लड़की को किसी ने छू दिया तो वह अगली सुबह इस्तीफा दे देंगे।

रोहिणी आचार्य ने जमुई की घटना का हवाला देते हुए सवाल किया कि अगर मुख्यमंत्री अपने पुराने बयान पर कायम हैं तो अब तक इस्तीफा क्यों नहीं दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि मंच से बड़े-बड़े दावे करना आसान है, लेकिन जमीन पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अलग बात है।

कांग्रेस ने भी पुराने बयान को बनाया मुद्दा

जमुई मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से भी सम्राट चौधरी के पुराने बयान को सामने लाया गया है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत समेत विपक्ष के नेताओं ने इस बयान का वीडियो साझा करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस की ओर से यह मुद्दा खास तौर पर इसलिए उठाया गया है क्योंकि पुराना बयान महिलाओं की सुरक्षा और रात में उनके सुरक्षित आवागमन के दावे से जुड़ा था।

जमुई में 19 सितंबर को क्या हुआ था?

जमुई में 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्रा अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ लौट रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा दोनों को रोककर कथित तौर पर बदसलूकी और मारपीट किए जाने का वीडियो सामने आया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया और जांच शुरू की।पुलिस के मुताबिक मामले में पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो आगे प्रसारित नहीं करने की अपील भी की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments